Raipur अच्छी ख़बर छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ दिवस विशेष ब्रेकिंग रायपुर 🏙️ राज्य व शहर 🏛️ राजनीती न्यूज़

विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ CM साय का बड़ा ऐलान, बेटियों से लेकर बस्तर और युवाओं तक कई सौगातें

 

 

रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़, बस्तर के विकास, किसानों, महिलाओं, युवाओं, रोजगार, उद्योग, एआई, स्वास्थ्य और अधोसंरचना को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं। साथ ही उन्होंने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।

बस्तर में शांति के बाद विकास पर फोकस

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता के बाद बस्तर में शांति और विकास की नई शुरुआत हुई है। उन्होंने बस्तर के नवनिर्माण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के जरिए 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। बस्तर संभाग में 39 लाख से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का दावा किया गया।

किसानों के लिए 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदा जा रहा है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसल लेने वाले किसानों को ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत 15 हजार रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।

सिंचाई के लिए 11 हजार करोड़ से अधिक की मंजूरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी गई है। ‘सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना’ के लिए 3,047 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इंद्रावती नदी पर मटनार और देउरगांव बैराज बनाए जाने की योजना है, जिससे 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलने का दावा किया गया।

महिलाओं के खातों में 19,444 करोड़ रुपये

महिला सशक्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने ‘महतारी वंदन योजना’ का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 19,444 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए गए हैं। प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री जनमन योजना और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के जरिए जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की बात कही गई।

युवाओं के लिए भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, कौशल, खेल और नवाचार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती किए जाने की जानकारी देते हुए उन्होंने शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 3,946 पदों और बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने की बात कही। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘सीजी असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एक्जाम योजना’ शुरू करने की भी घोषणा की गई।

500 करोड़ का AI मिशन, 6 लाख विद्यार्थियों को प्रशिक्षण

तकनीक और नई अर्थव्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने 500 करोड़ रुपये के ‘छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन’ को मंजूरी मिलने की जानकारी दी। इसके तहत 100 एआई डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित करने की योजना है। छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख शासकीय कर्मचारियों को एआई का प्रशिक्षण देने की बात भी कही गई।

8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री के मुताबिक राज्य में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के जरिए अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे लगभग 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना जताई गई है। नवा रायपुर में प्रदेश की पहली गारमेंट इकाई से 4,600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना बताई गई।

सड़क, रेल, बिजली और इंटरनेट पर बड़ा फोकस

मुख्यमंत्री ने ऊर्जा, सड़क, रेल और डिजिटल कनेक्टिविटी को लेकर भी सरकार की योजनाएं गिनाईं। उन्होंने बताया कि एनर्जी समिट में 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। प्रदेश के 90 हजार से अधिक उपभोक्ता ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का लाभ ले रहे हैं। भारतमाला परियोजना, रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे, रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर और रावघाट-जगदलपुर रेल नेटवर्क को प्रदेश के आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान का ऐलान

स्वतंत्रता दिवस के मंच से मुख्यमंत्री ने बेटियों को लेकर बड़ा ऐलान किया। ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल बेटियों की सुविधा और सम्मान से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था होगी।

साइबर अपराध से निपटने 9 नए साइबर थाने

कानून-व्यवस्था और साइबर सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में नौ नए साइबर पुलिस थाने बनाए गए हैं। इसके साथ ही डायल-112 सेवा पूरे प्रदेश में लागू होने की जानकारी दी गई।

पर्यटन और संस्कृति को वैश्विक पहचान देने की तैयारी

बस्तर और सरगुजा में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने और वहां टेंट सिटी बनाने की योजना बताई। सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित करने की बात भी कही गई। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ के निर्माण का निर्णय भी बताया गया।

7 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का दावा

पर्यावरण संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रदेश में अब तक सात करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सरकार की प्राथमिकता बताया।

‘विकसित भारत’ के साथ ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का संकल्प

अपने संबोधन के समापन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ सामूहिक लक्ष्य है। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Tags : 

“`

Jhatpat News

About Author

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

Good News IAS/IPS New delhi अच्छी ख़बर

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने की भेंट, छत्तीसगढ़ के विकास और ‘बस्तर विजन’ पर हुई विस्तृत चर्चा

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने की भेंट, छत्तीसगढ़ के विकास और ‘बस्तर विजन’ पर
Good News IAS/IPS New delhi अच्छी ख़बर

Chhattisgarh Pushes Major Growth Agenda: Chief Minister Shri Sai Presents Bastar Growth Blueprint to Prime Minister Shri Modi

Centre’s Support sought for ₹ 10,500 Crore Urea Plant, Power Connectivity and Ayurveda Institute New delhi/ Raipur, July 31, 2026/