छत्तीसगढ़ रायपुर 🏙️ राज्य व शहर

सरगुजा की प्रस्तुति ने जीता दिल, दुर्ग दूसरे और रायपुर तीसरे स्थान पर : स्वतंत्रता दिवस समारोह में बच्चों ने दिखाई छत्तीसगढ़ की संस्कृति

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। करीब 850 विद्यार्थियों ने गीत, संगीत और नृत्य के जरिए छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और देशभक्ति की भावना को मंच पर जीवंत किया। सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा में सरगुजा संभाग ने पहला, दुर्ग संभाग ने दूसरा और रायपुर संभाग ने तीसरा स्थान हासिल किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विजेता विद्यार्थियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया।

सरगुजा संभाग की प्रस्तुति ने हासिल किया पहला स्थान

छत्तीसगढ़ उत्तर क्षेत्र के सरगुजा संभाग के 286 छात्र-छात्राओं ने ‘वंदे मातरम्, जय हिंद हम सबका अभिमान…’ जैसे रिमिक्स गीत पर देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने नृत्य और गीत के माध्यम से ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा और मातृभूमि के प्रति अटूट प्रेम को प्रभावी अंदाज में प्रस्तुत किया।

प्रस्तुति में युवा शक्ति से ऊर्जा से भरपूर नए भारत और उसकी विकास यात्रा को भी आकर्षक ढंग से दर्शाया गया। विद्यार्थियों की सामूहिक प्रस्तुति और मंच पर बेहतरीन तालमेल ने दर्शकों का ध्यान खींचा और सरगुजा संभाग को प्रतियोगिता में पहला स्थान दिलाया।

दुर्ग के 277 विद्यार्थियों ने दिखाया राष्ट्रप्रेम

छत्तीसगढ़ पश्चिम क्षेत्र के दुर्ग संभाग से 277 विद्यार्थियों ने ‘सजता, संवरता, निखरता ये देश…’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति में अलग-अलग अवसरों पर होने वाले नृत्यों की खूबसूरत छाप दिखाई।

बच्चों ने कदमों की लय, भाव-भंगिमा और ऊर्जा के जरिए राष्ट्रप्रेम की भावना को मंच पर उतारा। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और दुर्ग संभाग प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहा।

रायपुर संभाग ने सैनिकों के शौर्य को किया सलाम

मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग के 280 विद्यार्थियों ने ‘संकल्प बोल के हम तो निकल पड़े…’ फ्यूजन गीत पर अपनी प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति के जरिए विद्यार्थियों ने देश की रक्षा में तैनात सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को नृत्य और संगीत के माध्यम से जीवंत किया।

रायपुर संभाग की प्रस्तुति ने सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया और प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने बढ़ाया समारोह का उत्साह

राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों की इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। अलग-अलग संभागों के बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, देशभक्ति, युवा ऊर्जा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को मंच पर पेश किया।

प्रतियोगिता के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विजेता टीमों को शील्ड और मेडल प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।

 

Jhatpat News

About Author

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

अपराध कानून कोरबा छत्तीसगढ़ ठगी

पूर्व पार्षद के बेटे पर एफआईआर, दैहिक शोषण के आरोपी को बचाने पुलिस के नाम पर 1.20 लाख रुपए की ठगी का आरोप

कोरबा 01 अगस्त। एक पूर्व पार्षद के द्वारा अपने सहयोगियों के साथ मिलकर आरोपी युवक को पुलिस कार्यवाही से बचाने