अपराध कानून कोरबा छत्तीसगढ़ सुरक्षा हादसा

दोस्त की पत्नी पर टिप्पणी से भड़का युवकः दोस्त पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, खुद भी झुलसा

कोरबा 04 अगस्त। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में मामूली कहासुनी खूनी वारदात में बदल गई। दोस्त की पत्नी को लेकर की गई टिप्पणी से नाराज एक युवक ने अपने ही दोस्त पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं आरोपी भी घटना के दौरान झुलस गया।

घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम बुंदेली निवासी आनंद मंझवार अपने दोस्त संजय कुमार कंवर के साथ गांव में रहने वाले एक अन्य दोस्त संतराम के घर गया था। वहां से लौटते समय रास्ते में दोनों की मुलाकात गांव निवासी लीला सिंह अगरिया से हुई। तीनों आपस में बातचीत करने लगे। इसी दौरान लीला सिंह ने आनंद के घरेलू मामले को लेकर टिप्पणी कर दी। इसके जवाब में आनंद ने भी लीला सिंह पर टिप्पणी कर दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

विवाद के बाद गुस्से में लीला सिंह अपने घर के अंदर चला गया। कुछ देर बाद वह पेट्रोल से भरी बोतल लेकर बाहर आया। आरोप है कि आनंद कुछ समझ पाता, इससे पहले ही लीला सिंह ने उसके ऊपर पेट्रोल उड़ेल दिया और माचिस से आग लगा दी। अचानक आग की लपटों में घिरे आनंद ने जान बचाने के लिए करीब 100 मीटर दूर स्थित डबरीनुमा तालाब की ओर भागा और पानी में छलांग लगा दी। तालाब में कूदने के बाद उसकी जान बच सकी। घटना के बाद संजय और अन्य परिजन घायल आनंद को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर रूप से झुलसे आनंद का अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, आनंद को पेट्रोल डालकर आग लगाने के दौरान आरोपी लीला सिंह अगरिया का एक हाथ भी झुलस गया। घटना के बाद अगले दिन संजय कुमार कंवर ने रजगामार पुलिस चौकी में मामले की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी विनोद सिंह अपनी टीम के साथ ग्राम बुंदेली पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद उसका प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। मामूली विवाद के बाद हुई इस हिंसक घटना से गांव में दहशत का माहौल है।

Jhatpat News

About Author

You may also like

कोरबा छत्तीसगढ़ पॉवर सेक्टर मौसम राजकाज लापरवाही समस्या

कनकी व आसपास के गांवों में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान

’सरकार के सुशासन को ठेंगा दिखा रहे अधिकारी’ कोरबा 01 अगस्त। ग्राम कनकी और उसके आसपास के एक दर्जन से