Big news Crime Durg IAS/IPS

डॉक्टर के घर से 1 करोड़ की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 9 आरोपी गिरफ्तार; मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ फरार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में डॉक्टर के सूने मकान से हुई करीब एक करोड़ रुपये की बड़ी चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चोरी का मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 64 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, डायमंड ज्वेलरी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है।

परिवार के साथ बाहर गई थीं डॉक्टर, लौटने पर घर में मिली चोरी

पुलिस के अनुसार, डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर को वापस लौटने पर उन्हें घर की आलमारी से नकदी और कीमती आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआती जांच में राहुल बंसोड़ पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने आरोपियों की तलाश में छत्तीसगढ़ से लेकर महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश तक दबिश दी।

गोंदिया से मिर्जापुर तक पुलिस ने बिछाया जाल

जांच के दौरान पुलिस टीम ने गोंदिया, नागपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही तक आरोपियों का पीछा किया। उत्तर प्रदेश में पुलिस ने प्रदीप कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम और सोने के आभूषण बरामद किए गए।

आरोपियों ने चोरी की रकम और गहनों को छिपाने के लिए घर के फर्श के नीचे गड्ढा खोद रखा था। पुलिस ने इसी गुप्त ठिकाने से नकदी और आभूषण बरामद किए। पूछताछ में यह भी पता चला कि चोरी के कुछ आभूषण भदोही के ज्वेलर्स सोनू जायसवाल को बेचे गए थे।

ज्वेलर्स ने भट्टी में गलाए सोने के आभूषण

एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि चोरी के आभूषण खरीदने वाले ज्वेलर्स ने कुछ सोने के गहनों को भट्टी में गलाकर उनका स्वरूप बदलने की कोशिश की थी। पुलिस ने इस मामले में ज्वेलर्स के खिलाफ भी कार्रवाई की है।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ ने चोरी की रकम से दिल्ली में सेकंड हैंड XUV कार खरीदी थी। वहीं प्रदीप ने चोरी के पैसों का इस्तेमाल सुपर स्प्लेंडर बाइक खरीदने, घर निर्माण और अन्य खर्चों में किया।

भिलाई में चोरी का माल लेने पहुंचा मुख्य आरोपी, पुलिस को देखकर फरार

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ चोरी का माल लेने भिलाई पहुंचा। पुलिस को उसकी गतिविधियों की जानकारी मिलते ही घेराबंदी की गई।

पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही राहुल सुपेला चौक के पास अपनी कार छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद उसने अपने सहयोगियों को इनोवा वाहन से चोरी का माल लेकर निकलने के लिए कहा।

तड़के 3 बजे पुलिस की घेराबंदी, इनोवा से मिले नकदी और गहने

पुलिस टीम ने तड़के करीब 3 बजे घेराबंदी कर इनोवा वाहन में सवार आरोपियों को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से नकदी और कीमती आभूषण बरामद हुए।

पुलिस ने चोरी का माल छिपाने में मदद करने वाले परिजनों और फरार मुख्य आरोपी को वाहन सहित अन्य सहायता उपलब्ध कराने वाले सहयोगियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है।

करीब एक करोड़ की संपत्ति बरामद, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

दुर्ग पुलिस ने इस मामले में अब तक अंतरराज्यीय गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 64 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, डायमंड ज्वेलरी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

फिलहाल पुलिस फरार मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ की तलाश कर रही है। साथ ही चोरी की शेष संपत्ति और वारदात में शामिल अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी जांच जारी है।

Jhatpat News

About Author

You may also like

Good News IAS/IPS New delhi अच्छी ख़बर

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने की भेंट, छत्तीसगढ़ के विकास और ‘बस्तर विजन’ पर हुई विस्तृत चर्चा

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने की भेंट, छत्तीसगढ़ के विकास और ‘बस्तर विजन’ पर
Good News IAS/IPS New delhi अच्छी ख़बर

Chhattisgarh Pushes Major Growth Agenda: Chief Minister Shri Sai Presents Bastar Growth Blueprint to Prime Minister Shri Modi

Centre’s Support sought for ₹ 10,500 Crore Urea Plant, Power Connectivity and Ayurveda Institute New delhi/ Raipur, July 31, 2026/