आयोजन कोरबा छत्तीसगढ़ दिवस विशेष राजकाज संगठन सामाजिक

हर घर तिरंगा अभियान के तहत कोरबा में होंगी तिरंगा यात्राएं और विविध देशभक्ति कार्यक्रम

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी विभागों को दिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश

कोरबा, 07 अगस्त 2026/ केंद्र सरकार के निर्देशानुसार 09 से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ’ कार्यक्रम के अंतर्गत कोरबा जिले में भी विभिन्न देशभक्ति एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की सफल तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जिले के सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रमों की प्रभावी तैयारी करने तथा शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, स्व-सहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिले में तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा दौड़ एवं मैराथन, तिरंगा लाइटिंग एवं डेकोरेशन, तिरंगा कैनवास, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा सम्मान और तिरंगा मेला सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। तिरंगा यात्राओं एवं रैलियों में विद्यार्थियों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, पुलिस विभाग, शासकीय विभागों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

शैक्षणिक संस्थानों में भी होंगे विशेष आयोजन
कलेक्टर ने शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा दौड़ एवं मैराथन सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में तिरंगा कैनवास, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी, विशेष प्रदर्शनी तथा ‘वंदे मातरम्’ की थीम पर तिरंगा रंगोली जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में भी होगी व्यापक भागीदारी
पंचायत विभाग को ग्राम, विकासखंड एवं जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता सुनिश्चित करने तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को तिरंगा निर्माण के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के सुचारू संचालन में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला स्तर पर प्रत्येक गांव में तिरंगा वितरण एवं बिक्री केंद्र स्थापित करने तथा स्थानीय स्व-सहायता समूहों को तिरंगा निर्माण के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में भी आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं पदाधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रमों में ध्वज संहिता का विशेष रूप से पालन किया जाएगा।

वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में होंगे विशेष आयोजन
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के साथ इस वर्ष राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ भी मनाई जा रही है। अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, जागरूकता, राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा जिले में अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।

Jhatpat News

About Author

You may also like

कोरबा छत्तीसगढ़ पॉवर सेक्टर मौसम राजकाज लापरवाही समस्या

कनकी व आसपास के गांवों में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान

’सरकार के सुशासन को ठेंगा दिखा रहे अधिकारी’ कोरबा 01 अगस्त। ग्राम कनकी और उसके आसपास के एक दर्जन से